जसराना- जमीन पर ही महिला की डिलीवरी करातीं महिलाएं
- फोटो : FIROZABAD
जसराना (फिरोजाबाद)। पाढ़म के सरकारी अस्पताल के बाहर जमीन पर महिलाओं द्वारा डिलीवरी कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो बुधवार का है, जिसमें वीडियो बनाने वाला व्यक्ति एंबुलेंस चालकों पर रुपये मांगने के साथ ही अस्पताल स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही करने का आरोप लगा रहा है।
वायरल वीडियो में कुछ महिलाओं द्वारा गर्भवती की अस्पताल के बाहर ही जमीन पर डिलीवरी कराई जा रही है। पास में ही दो सरकारी एंबुलेंस भी खड़ी हैं। वीडियो में बताया गया है कि अस्पताल में कोई डॉक्टर नही है। वहीं एंबुलेंस चालक रुपये मांग रहा है। जानकारी के अनुसार कस्बा पाढ़म निवासी पूरन सिंह अपने परिजनों के साथ गर्भवती पत्नी को डिलीवरी के लिए पाढ़म के सरकारी अस्पताल लेकर आया। यहां तैनात एएनएम सुशीला चौहान ने उसे रक्त की कमी बताकर रेफर कर दिया। जसराना जाने के लिए परिजन वाहन का इंतजार करने लगे और महिला को जमीन पर ही लिटा दिया। दर्द के चलते एएनएम ने महिलाओं की मदद से अस्पताल के बाहर ही डिलीवरी करा दी। सामान्य डिलीवरी होने पर परिजनों ने राहत महसूस की।
रक्त की कमी के चलते किया था रेफर
जसराना। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एका के अधीक्षक डॉ. मनोज कटारा ने बताया महिला डिलीवरी के लिए आई थी। रक्त की कमी के कारण उसे रेफर किया था। वहीं अस्पताल के बाहर अचानक दर्द होने पर एएनएम द्वारा ही डिलीवरी कराई गई है। एंबुलेंस चालकों की लापरवाही के बारे में सीएमओ एवं एंबुलेंस प्रभारी को सूचित किया जा रहा है।
दो घंटे तक जमीन पर लेटी रही गर्भवती
जसराना। पाढ़म निवासी महिला मीना को रक्त की कमी के चलते रेफर कर दिया था। महिला का पति जहां दो घंटे से अधिक समय तक वाहन का इंतजाम करने में जुट रहा। वहीं अस्पताल की घोर लापरवाही के कारण उसको स्ट्रेचर भी नहीं मिला। इससे महिला को जमीन पर ही लेटने को मजबूर होना पड़ा। वीडियो में महिला की जमीन पर ही डिलीवरी होती दिख रही है।
पांच बेटियों के बाद हुआ है बेटा
जसराना। पाढ़म निवासी मीना की चार बेटियां हैं, एक बेटी की पूर्व में मौत हो गई थी। बुधवार को मीना ने अस्पताल के बाहर एक बेटे को जन्म दिया तो परिवार में खुशियां छा गईं वहीं मीना भी खुशी दिखी।