बैठक के बाद फायरिंग करते विहिप कार्यकर्ता।
हिंदू वाहिनी के संस्थापक योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनते ही हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता और नेता जोश में हैं। शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज कानून ही भूल गए। लाइसेंसी पिस्टल से उन्होंने दनादन हवाई फायर कर दिए।
कोटला चुंगी चौराहे पर स्थित एक होटल में शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की संयुक्त बैठक थी। बैठक में आगरा से विहिप के प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज भाग लेने आए थे। बजरंग दल के विभाग संयोजक पंडित वीनेश भाई अपनी लाइसेंसी पिस्टल लगाए थे। बैठक के बाद वीनेश की पिस्टल को विहिप के प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज ने हाथ में ले लिया और हवाई फायरिंग शुरू कर दी। कार्यकर्ता जोश में जयश्रीराम के नारे लगाते रहे। कोटला चुंगी पर फायरिंग होते ही सनसनी फैल गई। बता दें कि हर्ष फायरिंग कानून जुर्म है। डीजीपी ने इस पर रोक लगा रखी है। विहिप नेता द्वारा की गई फायरिंग पर बजरंग दल के विभाग संयोजक वीनेश भाई ने कहा कि लाइसेंसी पिस्टल मेरी थी और संगठन मंत्री मनोजजी द्वारा कोई फायर नहीं किया गया। उन्होंने पिस्टल मुझसे देखने को ली थी।