फिरोजाबाद। उप संभागीय परिवहन कार्यालय के पास वाहन स्टैंड का ठेका सरकारी कागजों में नहीं है, लेकिन इसके बावजूद भी जनपद न्यायालय की वाहन पार्किंग के ठेकेदार जबरन एआरटीओ दफ्तर के ठीक पीछे वाहन पार्किंग कराकर पैसा वसूल रहे हैं। रोजाना उप संभागीय कार्यालय आने वाले आवेदकों को इस समस्या से गुजरना पड़ रहा है। नोकझोंक के साथ आए दिन मारपीट तक की नौबत आ जाती है। जिला मुख्यालय स्थित जनपद न्यायालय के गेट नंबर दो और तीन पर वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग का ठेका मार्च में हुआ था। न्यायालय के गेट से अब वाहन पार्किंग स्टैंड उप संभागीय कार्यालय तक जा पहुंचा है। कार्यालय के ठीक पीछे दूसरा अवैध वाहन स्टैंड बना लिया गया है। ठेकेदार मनमानी करते हुए जबरन एआरटीओ कार्यालय आने वाले आवेदकों से पार्किंग में वाहन खड़े करा रहा है। इतना ही नहीं उन्हें फर्जी पर्ची देकर किराया वसूलते हैं।
निवर्तमान अधिकारियों ने भी इस पार्किंग को हटवाने की कवायद की थी, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। यहां आने वाले लोग अगर पार्किंग में वाहन खड़े करने से इनकार करते हैं तो स्टैंड पर तैनात युवक उनके गाली-गलौज से लेकर मारपीट करने पर भी उतारू हो जाते हैं।
कार्यालय के पीछे स्टैंड चलने की शिकायत मिली है। सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ सदर को पत्र लिखकर अवैध पार्किंग हटवाई जाएगी। साथ ही ठेके के दस्तावेज भी अधिकारियों की मौजूदगी में चेक कराए जाएंगे।
-सुरेशचंद्र यादव, एआरटीओ प्रशासन