गल्ला मण्डी स्थित सब्जी मंण्डी से सब्जी की खरीदारी करते ग्राहक
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद/टूंडला। जनता कर्फ्यू के बाद सोमवार सुबह मंडी खुली तो आढ़त पर ग्रामीण क्षेत्रों से सब्जियों को लाने वाले किसानों की संख्या काफी कम रही। इसके चलते सब्जियों की कीमतें बढ़ गईं। वाहनों की आवाजाही में कमी भी इसका एक कारण है।
सोमवार सुबह मंडी खुली तो आढ़तियों के फड़ों पर इक्का दुक्का किसान सब्जी लेकर आए। इससे सब्जी के दाम बढ़ गए हैं। दस से 15 रुपया प्रति किलोग्राम बिकने वाला टमाटर 40 रुपये, लौकी 20 से बढ़कर 40 हो गई। गोभी दस रुपये से बढ़कर 25 रुपये पहुंच गई। भिंडी तो 80 रुपया प्रति किलोग्राम मिल रही थी।
पांच से आठ रुपये प्रति किलोग्राम बिकने वाला बैगन भी 25 रुपये प्रति किलो ग्राम बिक रहा है। आलू की कीमत 75 व 80 रुपया पांच किलोग्राम से बढ़कर सौ से 120 रुपया तक जा पहुंच गया है। मूली से लेकर गाजर, गोभी एवं धनियां तक की कीमतों में इजाफा हो गया है। उधर कहीं एक सप्ताह का लॉक डाउन शहर में ना हो जाए इस लिहाज से लोग सब्जी अधिक खरीद रहे थे। मोहल्ला दुली निवासी कैलाश ने बताया कि सब्जियों को खरीदकर ले जा रहे हैं। ताकि कोई दिक्कत नहीं हो। वीरेंद्र ने बताया कि सब्जी-रोटी जरूरी है। इसी कारण आलू व प्याज खरीद रहे हैं।