फिरोजाबाद में मां की डांट से क्षुब्ध किशोर ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। वह इंटरमीडिएट का छात्र था और मां ने उसे पढ़ाई करने के लिए कहा था। वह गुस्से में घर से निकल गया और ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। इससे उसकी मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में मां की डांट से क्षुब्ध एक किशोर ने ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। इससे ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई। जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। वह परेशान परिजन को ढांढस बंधाते रहे।
विज्ञापन
घटना लाइनपार थाना क्षेत्र के मुरलीनगर के पास की है। यहां रविवार रात रेलवे लाइन से एक युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस शव के पहचान कराने की कोशिश कर रही है। इसी बीच मंगलवार को एक युवक की तलाश करते हुए कुछ लोग थाना पहुंचे।
इंटरमीडिएट में पढ़ाई कर रहा था अमित
पुलिस ने उनसे युवक का हुलिया पूछा और कुछ जानकारी ली। इसके बाद उन्हें पोस्टमॉर्टम हाउस लेकर पहुंची। शव देखकर परिजन चीख पड़े। उन्होंने उसकी पहचान दक्षिण थाना क्षेत्र के हुमायूंपुर मोहल्ला निवासी अमित (19) के रूप में कर ली। परिजन ने बताया कि अमित इंटरमीडिएट का छात्र था। वह पढ़ाई नहीं करता था। इस पर मां उसे पढ़ाई करने के लिए कहती थी।
उसने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली
बताया कि रविवार को भी पढ़ाई न करने पर उसे डांट दिया था। इस पर वह गुस्से में घर से निकल गया। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। शायद इसके बाद ही उसने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि युवक के शव की पहचान हो गई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया है।