फिरोजाबाद। आप के प्रदेश प्रभारी एवं सांसद संजय सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ''स्कूल ठीक करो अभियान'' के तहत जिलाध्यक्ष शीलेंद्र कुमार वर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण अंचल के परिषदीय स्कूलों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय रेहना और टूंडला विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बनकट में शौचालय खराब मिले और बच्चे जमीन पर टाट-पट्टी बिछाकर पढ़ाई करते दिखे। बदहाली की वीडियो रिकॉर्डिंग करने पर प्राथमिक विद्यालय रेहना और बनकट में शिक्षकों ने विरोध करते हुए कार्यकर्ताओं के मोबाइल फोन जबरन छीन लिए, जिससे दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और कहासुनी हुई। आप नेताओं ने बीएसए से विद्यालयों में फर्नीचर, साफ-सुथरे शौचालय और पेयजल की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। इस दौरान नदीम सिद्दीकी, सत्यम गौतम, निर्मल निषाद और छोटे प्रजापति सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद