फिरोजाबाद। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए वित्तविहीन स्कूलों मेें इस बार अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए जाएंगे। बोर्ड सचिव के निर्देश पर डीआईओएस ने जिले के 60 वित्तविहीन स्कूलों में शिक्षकों की रिपोर्ट मांगी है।
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 24 अप्रैल से आयोजित होंगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग वित्तविहीन स्कूलों में इस बार अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक तैनात करने की कोशिश में जुटा है। सचिव के निर्देश पर डीआईओएस ने 60 से अधिक वित्तविहीन स्कूलों में बने परीक्षा केंद्रों पर राजकीय और सहायता प्राप्त स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों को अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक नामित करने को कहा है।
जिससे नकलविहीन परीक्षा कराई जा सके। डीआईओएस बालमुकुंद प्रसाद ने बताया कि सचिव के निर्देश के अनुसार नकलविहीन परीक्षा संपादित कराने के लिए वित्तविहीन विद्यालयों में अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की ड्यूटी लगाई जा रही है। इसमें अशासकीय और राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों को तैनाती दी जा रही है।