फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एका, नारखी ब्लाक में आज से दाखिल होंगे नामांकन

Wed, 18 Nov 2015 07:07 PM IST
ब्यूरो,अमर उजाला फीरोजाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
जिला पंचायत के बाद अब ग्राम पंचायत चुनाव का नौ विकास खंडों में शंखनाद हो गया है। गांव से लेकर सरकारी दफ्तरों तक में चुनावी चर्चाओं का बाजार गर्म है। द्वितीय चरण के लिए एका व नारखी ब्लाक के 119 प्रधान व 1545 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से प्रारंभ होगी। ब्लाक प्रशासन नामांकन कराने की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा रहा। इधर नामांकन पत्रों की खरीदारी करने का क्रम पूरे दिन चलता रहा।
विज्ञापन

 एका एवं नारखी ब्लाक में प्रधान एवं सदस्य पदों के लिए नामांकन 19 एवं 20 नवंबर को सुबह आठ बजे से शाम को चार बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे। बुधवार को एका ब्लाक के 58 प्रधान एवं 758 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के नामांकन पत्रों की बिक्री का काम आरओ जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय के निर्देशन में हुआ। एका में प्रधान पद के लिए 565 और सदस्यों के 290 नामांकन पत्र बिके।
सभी न्याय पंचायतवार एआरओ के द्वारा नामांकन पत्रों की बिक्री की जा रही है। नामांकन के काउंटरों के पास बेरीकेडिंग कराई गई। बीडीओ एके जौहरी पूरी टीम के साथ मुस्तैद दिखाई दिए।  नारखी में प्रधान पद के 540 और ग्राम पंचायत सदस्य के 280 नामांकन पत्र बिके।
विज्ञापन

एसडीएम जसराना अमित सिंह एवं सीओ शमशेर बहादुर ने पुलिस फोर्स के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं नारखी ब्लाक की 61 प्रधान पद एवं ग्राम पंचायत के 787 पदों के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री का काम बुधवार को चलता रहा। आरओ एवं बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी पुष्कर बाबू के साथ सभी नौ न्याय पंचायतों पर एआरओ मुस्तैद दिखे। एडीओ पंचायत पन्ना लाल के साथ स्टाफ नामांकन पत्रों की बिक्री के दौरान सहयोग करता दिखाई दिया। नामांकन पत्रों की जांच 21 एवं 22 नवंबर को होगी। नाम वापसी व प्रतीक चिन्ह आवंटन 23 नवंबर को होंगे। मतदान एक दिसंबर को एवं मतगणना 12 दिसंबर को होगी।

नारखी, एका की बैंकों में रही भीड़
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के कारण बुधवार को बैंकों में भी जमानत राशि के चालान जमा कराने वालों की भीड़ रही। इसके कारण रुटीन के उपभोक्ताओं को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

अरांव, जसराना, हाथवंत ब्लाक में नामांकनों की जांच शुरू
प्रथम चरण के तीन ब्लाकों (अरांव, जसराना व हाथवंत) में नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही जांच का काम आरओ व एआरओ ने प्रारंभ कर दिया। जांच गुरुवार शाम तक पूर्ण होगी। इसके बाद नाम वापसी के साथ प्रतीक चिन्ह का आवंटन किया जाएगा।
तीन ब्लाकों में प्रधान के 175 पदों के सापेक्ष 1699 तथा ग्राम पंचायत सदस्यों के 2197 पदों के सापेक्ष मात्र 1822 नामांकन दाखिल हो सके। इसके स्पष्ट है कि ग्राम पंचायत सदस्य बनने के प्रति ग्रामीणों ने कोई खास रुचि नहीं दिखाई। यही कारण है कि जिले में अधिकांश ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव निर्विरोध होने की उम्मीद है। वहीं प्रधान पद के सर्वाधिक नामांकन हाथवंत ब्लाक में 661 हुए हैं। वहीं सदस्यों पद के नामांकन जसराना ब्लाक में सर्वाधिक रहे। वहां 616 पदों के सापेक्ष 678 नामांकन दाखिल किए गए। कई आरओ तो खुद ही सदस्यों का चुनाव निपटाने के लिए नामांकन के लिए प्रेरित करते दिखाई दिए। जसराना के आरओ एवं जिला उद्यान अधिकारी बलजीत ने कहा कि इनकी जांच का काम गुरुवार की शाम तक चलेगा। नाम वापसी 20 नवंबर को सुबह आठ से दोपहर तीन बजे तक की जा सकेगी। इसके बाद प्रतीक चिन्ह का आवंटन किया ही जाएगा।

प्रथम चरण में कितने पद और कितने नामांकन
ब्लाक      प्रधान पद   नामांकन   सदस्य पद    नामांकन
जसराना     48        459          616       678  
अरांव       54        579          686       492
हाथवंत     73        661           895      652
कुल      175        1699          2197    1822

प्रभारी एवं सहायक प्रभारियों की बैठक आज
 सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र शर्मा ने कहा कि पंचायत चुनाव के सभी प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक 19 नवंबर को सुबह 11 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम विजय किरन आनंद की अध्यक्षता में होगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें