टूंडला। दिल्ली रेल खंड पर मंगलवार रात वंदेभारत एक्सप्रेस व एक मालगाड़ी की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। क्षेत्रीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के चलते राजधनी सहित तीन ट्रेनें प्रभावित रहीं।
दुर्घटना मंगलवार रात नौ बजे करीब हुई, वाराणसी से चलकर नई दिल्ली जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस दिल्ली रेलखंड के जलेसर व पोरा रेलवे स्टेशनों के मध्य खंबा नंबर 1277/17 पर पहुंची। तभी रेलवे लाइन पार कर रहा एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। युवक की मौके पर ही मौत गई। वंदेभारत के चालक ने घटना की जानकारी तत्काल टूंडला नियंत्रण कक्ष को दी। नियंत्रण कक्ष के निर्देश पर मौके पर पहुंची क्षेत्रीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भिजवाया। इस घटना के चलते पीछे आ रही कानपुर शताब्दी एक्सप्रेस, रांची गरीब रथ, डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित रहीं।
दूसरी घटना मंगलवार रात 11.55 बजे करीब पोरा-हाथरस रेलवे स्टेशन के मध्य हुई। मालगाड़ी खंबा नंबर 1294/13 पर पहुंची तभी एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सहायक यातायात प्रबंधक रविंद्र शर्मा ने बताया कि वंदेभारत एक्सप्रेस व एक मालगाड़ी की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हुई है। इसके चलते तीन ट्रेन भी प्रभावित रही हैं। वंदेभारत ट्रेन मौके पर नहीं रुकी है।