एटा रोड पर टैंकर ने बाइक सवार दो भाइयों को चपेट में ले लिया। हादसे में एक भाई की मौके पर और दूसरे की उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। दो भाईयों की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। दोनों भाई नगला सूरज स्थित ससुराल से घर लौट रहे थे।
थाना पचोखरा के गांव प्रतापपुर निवासी राजेंद्र सिंह 45 पुत्र रघुवीर सिंह हाल निवासी लहटा खुर्द थाना मुड़सान, हाथरस अपने छोटे भाई अनिल कुमार 28 के साथ उसकी ससुराल गांव नगला सूरज से शुक्रवार शाम बाइक से लौट रहे थे। वह एटा रोड पर सिकरारी से पूर्व पालीवाल कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंचे तभी अनियंत्रित टैंकर की बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में राजेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास के लोग पहुंच गए। सूचना पर पुलिस आ गई। अनिल को अस्पताल भिजवाया गया लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। दोनों भाइयों की मौत की जानकारी मिलने से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भाई राजकुमार ने टैंकर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि शवों का पोस्टमार्टम करा परिवारीजनों को सौंप दिए हैं।