टूंडला। हाथरस सत्संग में टूंडला क्षेत्र से गईं दो महिलाएं गंभीर घायल हुई हैं। उन्हें आगरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भोले बाबा का टूंडला में भी 11 बार सत्संग हो चुका है। सत्संग के दौरान हाईवे पर जाम के बीच से लोगों को गुजरना पड़ा है। हाईवे के पास हुए सत्संग से जाने के दौरान कई लोग वाहनों की चपेट में आने से घायल भी हुए थे।हाथरस के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र में साकार विश्व हरि उर्फ भोले बाबा के सत्संग में शामिल होने के लिए टूंडला के थाना पचोखरा के गांव राजनगर निवासी भगवती देवी पत्नी रणवीर सिंह व मार्गश्री देवी पत्नी मोहनलाल गईं थी। दोनों महिलाएं भीड़ की चपेट में आकर घायल हुईं हैं। परिजन ने बताया कि उन्हें आगरा पुष्पांजलि में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसनका उपचार चल रहा है।
टूंडला में भी भोले बाबा के आठ से 10-10 दिनों के 11 सत्संग हो चुके हैं। पहला सत्संग दो दशक पूर्व एटा रोड पर आयोजित किया गया था। इसके उपरांत आगरा हाईवे स्थित पवित्र मैरिज होम, लाइनपार नगला झम्मन में चार बार, फिरोजाबाद हाईवे किनारे टूंडला, चंडिका व उसायनी सहित 11 बार सत्संग हुआ है। भोले बाबा के इन सत्संगों के दौरान भीड़ के चलते हाईवे ही नहीं प्रत्येक मार्गों पर जाम की स्थिति रही। पिछले सत्संग में जाने वाली भीड़ के हाईवे पर वाहन के चपेट में आने से कई श्रद्धालु घायल हुए थे।