टूंडला। थाना नगला सिंघी पुलिस ने चेकिंग अभियान के तहत सोमवार को दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों से लगभग 10 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपी दिल्ली व गाजियाबाद के निवासी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि सोमवार शाम करीब 8:00 बजे पुलिस टीम गांव प्रेमपुर की पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से कुल 9.847 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रफीक खान उर्फ भीम निवासी इलायचीपुर, थाना ट्रोनिका सिटी, जनपद गाजियाबाद, सलीम निवासी जेजे कॉलोनी, भवाना, नई दिल्ली हैं। पुलिस आरोपियों से गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और क्षेत्र में किसे सप्लाई की जानी थी की जानकारी कर रही है। थानाध्यक्ष पारुल मिश्रा का कहना है कि आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।