सिरसागंज (फिरोजाबाद)। ओडिशा से तस्करी के लिए दिल्ली और गजियाबाद जा रहा दो क्विंटल 20 किलो गांजा थाना सिरसागंज पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स बरेली यूनिट की टीम के सहयोग से पकड़ा है। साथ ही चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपी जिला के ही हैं और एक आरोपी बरेली का निवासी है। इनका एक साथी मौके से फरार हो गया। वहीं पुलिस ने उनके कब्जे से एक होंडा सिटी कार और पांच मोबाइल भी बरामद किए हैं।
एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह ने बताया कि थाना सिरसागंज पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स बरेली यूनिट की टीम के सहयोग से चार तस्करों को घेराबंदी कर नगला चतुरी से गिरफ्तार किया है। इनमें थाना नगला खंगर के गांव नगला चतुरी निवासी रवि, गांव टोंडसी निवासी रणजीत, गढ़ी पैगू निवासी लवकेश और बरेली के सैदपुर चुन्नीलाल निवासी बाले खां शामिल है। इनका एक साथी फतेहगढ़ के नन्दशा निवासी अखंड प्रताप उर्फ लल्ला मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश कराई जा रही है। सीओ प्रवीन तिवारी ने बताया कि दो दिन पूर्व आरोपी ओडिशा से गांजे की खेप लेकर चले थे। यहां लाकर अलग-अगल जिलों में गांजा भेजने की तैयारी थी। आरोपियों ने पांच-पांच किलो के 44 पैकेट बनाए थे। जिससे आसानी से गांजा दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और आसपास के जनपदों में भेजा जा सके। पकड़े गए गांजे की कीमत 50 लाख रुपये आंकी गई है। इनके फरार साथी की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं।