फिरोजाबाद। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने हिरनगांव के पास सिग्नल केबल चोरी कर उसे जलाते हुए दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मुन्नालाल और गिरजाशंकर (निवासी नगला पचिया) के रूप में हुई है। शनिवार शाम इनके द्वारा केबल काटने से रेलवे का एक्सल काउंटर सिस्टम फेल हो गया था, जिससे ट्रेनों के संचालन में बाधा उत्पन्न हुई।
विज्ञापन
सिस्टम में खराबी की सूचना पर पहुंची आरपीएफ टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। इनके कब्जे से 48 फीट सिग्नल केबल और केबल काटने वाला हेक्सा ब्लेड बरामद किया गया है। आरपीएफ ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक नंद राम वर्मा और एएसआई धीरेंद्र यादव सहित अन्य जवान शामिल रहे। संवाद