फिरोजाबाद। विधायक सदर द्वारा दर्ज की गई शिकायत के आधार पर दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम द्वारा जिले में तैनात अधिकारियों और एक लिपिक के विरुद्ध जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। कमेटी को एक पखवाड़ा के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट देने को कहा गया है।
विधायक सदर मनीष असीजा द्वारा गत दिनों अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड शहरी पर तैनात अरविंद पांडेय एवं अधीक्षण अभियंता एसआर गर्ग के विरुद्ध एमडी दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड को शिकायत दर्ज कराई गईं थीं। विधायक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों के अनुसार दोनों अफसरों पर उपभोक्ताओं को जानबूझकर त्रुटिपूर्ण बिल जारी करने का आरोप लगाया गया था।
विधायक ने शिकायतीपत्र में विद्युत कार्यशाला पर तैनात उपखंड अधिकारी सुमित कुमार एवं बिल लिपिक प्रभात बाबू पर भी भ्रष्टाचार में संलिप्त रहने का आरोप लगाया है। इस पूरे प्रकरण में दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड के प्रबंध निदेशक अरुण कुमार ने दो सदस्यीय अधिकारियों की टीम बनाई है। टीम में शामिल आलोक कुमार गोयल अधीक्षण अभियंता विद्युत कार्य मंडल आगरा एवं दीपक सिंघल उप मुख्य लेखाधिकारी आगरा क्षेत्र प्रथम आगरा से 15 दिन के भीतर अपनी जांच आख्या प्रस्तुत करने को कहा है।
कई उपभोक्ताओं के त्रुटिपूर्ण बिल किए संलग्न
विधायक असीजा ने अपने शिकायत पत्र के साथ कई ऐसे उपभोक्ताओं के बिल भी संलग्न किए हैं। जो कि कई माह से अपने बिल में व्याप्त त्रुटि संशोधन के लिए विभागीय अफसरों के चक्कर काट रहे थे।
गलत बिल की अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है। बिजली चोरी व बकाएदारों के खिलाफ विभाग पुलिस व पीएसी की मदद से अभियान चलाया जा रहा है।
अरविंद पांडेय, अधिशासी अभियंता