फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर कठफोरी के पास सोमवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में भीषण आग लग गई, जिससे दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए। मृतक कानपुर के रहने वाले थे और ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट में टीम लीडर के पद पर कार्यरत थे।
पुलिस के अनुसार, कानपुर के शनिगवां निवासी सिद्धार्थ (28) पुत्र अशोक कुमार और शिवकटरा निवासी वैभव अवस्थी (26) पुत्र अवधेश कुमार सोमवार रात करीब 9:30 बजे बाइक से कानपुर से आगरा जा रहे थे। वे आगरा में फ्लिपकार्ट के एक नए स्टोर की ओपनिंग के सिलसिले में जा रहे थे। सिरसागंज थाना क्षेत्र के कठफोरी के पास पहुंचे पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक में आग लग गई और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार दोपहर बाद परिजन को सौंपा।