जसराना। थाना जसराना पुलिस ने घिरोर चौराहे से दो भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायालय के निर्देश पर जेल भेजा है। दोनों भाईयों पर गांव के युवक को धमकाने का आरोप है। धमकी के बाद युवक का शव पेड़ पर लटका मिला था। थाना जसराना के गांव नगला घनी निवासी वीकेश (18) पुत्र मेघ सिंह का शव चार सितंबर को नगला झील वाले रास्ते पर पेड़ से लटका हुआ मिला था। परिजनों ने गांव के ही अरविंद उर्फ अवस्थी, धर्मेंद्र, रामकुमार एवं सुरजीत पर हत्या कर शव को लटकाने का मामला दर्ज कराया था।
पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने धमकी से डरकर आत्महत्या करने का मामला तब्दील कर दिया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी तो बुधवार को अरविंद उर्फ अवस्थी एवं रामकुमार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने घिरोर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल आजादपाल सिंह ने कहा मामले में दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य आरोपियों को भी पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।