महुआ खेड़ा में मचा कोहराम, बहन और मां गश खाकर गिरीं
आगरा-टूंडला। महुआ खेड़ा के धर्मवीर की हत्या में पुलिस को करीबियों पर शक है। गांव में किसी तरह की रंजिश नहीं बताई गई है। हत्या करने के बाद सोने की चेन व मोबाइल तक सुरक्षित मिले हैं। ऐसे में हत्यारा कोई बेहद नजदीकी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है।
पुलिस की मानें तो गोली मारने वाला धर्मवीर का इतना करीबी है कि उसने अपनी नई गाड़ी उसे चलाने के लिए दे दी थी। खुद ड्राइवर के बराबर वाली सीट पर बैठ गया था। फिरोजाबाद के एसपी सिटी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि मामला सिर्फ हत्या का है। गाड़ी में दो मोबाइल मिले हैं। दोनों छात्र के हैं या नहीं यह पता किया जा रहा है। नगला सिंघी थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा लिखा गया है। परिजन ने गांव में भी किसी रंजिश से इन्कार किया है।
रात एक बजे चचेरे भाई से हुई बातधर्मवीर ने रात करीब एक बजे अपने चचेरे भाई कलुआ से फोन पर बातचीत की थी।
कलुआ ने परिजनों को बताया कि धर्मवीर बोल रहा था कि दोस्तों के साथ घूमने जा रहा है। परिजनों ने यह जानकारी पुलिस को दी। घटना स्थल से कुछ दूरी पर पुलिस को एक शराब की बोतल पड़ी मिली। इससे पुलिस अंदाजा लगा रही है कि दोस्त उसे पार्टी के बहाने लेकर आए होंगे। मारा क्यों इस सवाल का जवाब खुलासे के बाद ही मिल पाएगा।
कहां गयो मेरो वीर अब किसे बांधूगी राखी .....
टूंडला। मृतक धर्मवीर की बड़ी बहन उमा की शादी थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव लांघई में फौजी राहुल यादव से चार माह पूर्व हुई है। घटना के दौरान वह मायके में ही थी। भाई का थार में शव देखते हीं वह जमीन पर गिर पड़ी। परिजनों ने उसे संभाला तो वह चीत्कार कर उठी। रोते हुए वह कह रही थी कि मेरे वीर मैं तो रक्षाबंधन मनाने को घर गई थी। अब मैं किसे राखी बाधूंगी। घर में मां और छोटी बहन को यह खबर मिली तो वह गश खाकर गिर पड़ीं। धर्मवीर के घर में कोहराम मच गया।