टूंडला। पिता की डांट से क्षुब्ध बीकॉम के छात्र ने ट्रेन से कटकर खुदकशी कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेजा है।
थाना पचोखरा के गांव हिम्मतपुर निवासी 20 वर्षीय मोहित राघव बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है। शुक्रवार सुबह नौ बजे करीब उसके पिता जसवीर राघव से अनबन हो गई थी। उसके बाद वह घर से बिना कुछ बताए निकल आया। परिजन आसपास गांव में होगा यह सोचकर अपने कामकाज में व्यस्त हो गए। दोपहर ढाई बजे करीब मोहित ने टूंडला थाना क्षेत्र के गांव चुल्हावली के पास ट्रेन के आगे कूदकर खुदकशी कर ली।
ट्रेन से युवक के कटने की जानकारी मिलने पर टूंडला के लाइनपार चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक की जेब में मिले आधारकार्ड से शिनाख्त करते हुए पुलिस ने परिजन को घटना की जानकारी दी। मोहित द्वारा आत्महत्या किए जाने पर परिवार में चीत्कार मच गई। मृतक रोहित दो भाइयों में छोटा था। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।