फिरोजाबाद। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। अब सरकारी ट्रामा सेंटर को दो मंजिला बनाने की तैयारी है। इसके लिए सरकारी ट्रामा सेंटर को 17 पलंग से बढ़ाकर 50 पलंग किया जाएगा। इसमें गंभीर मरीज होने पर अस्पताल के इधर-उधर वार्ड में भेजने की जरूरत नहीं होगी। यहां 10 पलंग का आईसीयू वार्ड भी बनाया जाएगा। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। जल्द ही स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरु हो जाएगा।
जिले में मेडिकल कॉलेज निर्माण के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा हुआ है। मगर, आपातकालीन सेवाएं सीएचसी, पीएचसी के बराबर हैं। सुहागनगरी से एक्सप्रेसवे और हाईवे गुजर रहे हैं। ऐसे में दुर्घटना में घायल मरीज भी आए दिन आते रहते हैं। ऐसे में वर्तमान में ट्रामा सेंटर में सिर्फ 17 पलंग होने से कई बार मरीजों को इलाज के लिए अन्यत्र ले जाना पड़ता है।
इन झंझटों से मरीजों को जल्द ही निजात मिलने की उम्मीद है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सरकारी ट्रामा सेंटर 50 पलंग का किए जाने की तैयारी कर ली है। इसका प्रस्ताव बनाकर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. बलवीर सिंह ने शासन को भेज दिया है। दूसरी मंजिल का निर्माण इसी ट्रामा सेंटर की इमारत पर किया जाएगा। यहां 10 पलंग का आईसीयू भी बनाया जाएगा। ऑपरेशन थियेटर भी दूसरी मंजिल पर बनाया जाएगा। संवाद
हर पलंग पर होगी ऑक्सीजन की सुविधा
अभी सरकारी ट्रामा सेंटर में हर पलंग पर ऑक्सीजन की सुविधा नहीं है। मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को लगाना पड़ता है। या फिर ऑक्सीजन सिलिंडर लगाना पड़ता है। ऑक्सीजन मिलने में थोड़ा समय लगना भी मरीज के लिए घातक हो जाता था। मगर, हर पलंग तक ऑक्सीजन पाइपलाइन लगाई जाएगी। ताकि मरीज को आवश्यकता पड़ने पर तुरंत ही ऑक्सीजन दी जा सके।
मरीजों की सुविधा को देखते हुए आपातकालीन सेवाओं में विस्तार करने की योजना तैयार की है। सरकारी ट्रामा सेंटर को दो मंजिला किया जाना है। 17 पलंग से बढ़ाकर 50 पलंग किए जाने हैं। इसके लिए हमने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। शासन की मुहर लगते ही निर्माण कार्य शुरु हो जाएगा। - डाॅ. बलवीर सिंह, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज