टूंडला। थाना नगला सिंधी के गांव नगला छिद्दा में 10 दिन छोटा विद्युत ट्रांसफाॅर्मर फुंका पड़ा है। इसके चलते गांव में अंधेरा छाया हुआ है, वहीं ग्रामीण पेयजल के लिए परेशान हैं। ग्रामीणों ने अधिकारियों से फुंके ट्रांसफाॅर्मर को बदलवाने की मांग की है। साथ ही जल्द न बदले जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्राम पंचायत ऐलई की ठार छिद्दा में चार सौ की आबादी है। विद्युत विभाग ने गांव में छोटे विद्युत ट्रांसफाॅर्मर (डीपी) से गांव में 20 से अधिक विद्युत कनेक्शन दे रखे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि 10 दिन पूर्व उक्त छोटा ट्रांसफाॅर्मर फुंक गया है। शिकायत पर हर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अधिकारियों द्वारा जल्द ही बदलवाने का आश्वासन ही मिला है। बिजली न आने से ग्रामीण अंधेरे में रहने को विवश हैं।
वहीं मोबाइल चार्ज करने भी दूसरे गांव जाना पड़ता है। कड़ाके की सर्दी के बीच गांव में चोरी का भी डर सताने लगा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दूसरी डीपी नहीं लगाई गई तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को विवश होंगे। चेतावनी देने वालों में खेमचंद्र, केहरी सिंह, बलवीर, विनोद कुमार, बीरबल सिंह, डंबर प्रसाद, भोले शंकर, केदार सिंह आदि प्रमुख हैं।
गांव में विद्युत ट्रांसफाॅर्मर फुंकने की ग्रामीणों ने कोई सूचना नहीं दी है। मंगलवार को ट्रांसफाॅर्मर बदलवाते हुए समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
बनी सिंह, अवर अभियंता, जटई फीडर