मालगाड़ी के डिरेल होने से गड़बड़ाया रेल संचालन
बरहन रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने एवं ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित कर चलाए जाने से दिल्ली-हावड़ा के बीच चलने वाली ट्रेनों का संचालन गड़बड़ा गया है। कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रहीं हैं। इसके चलते रेलयात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताते चलें कि मंगलवार की सुबह दिल्ली रेलखंड के बरहन स्टेशन पर मालगाड़ी के चार वैगन पटरी से उतरकर बिखर गए थे। इसके चलते अप व डाउन लाइन बंद हो गई थी। ट्रेनों का आवागमन ठप होने एवं ट्रेनों को मार्ग बदलकर चलाए जाने से ट्रेनों का संचालन गड़बड़ा गया। तमाम ट्रेनें वाया आगरा, पलवल होकर चलाई गई तो दिल्ली से आने वाली तमाम ट्रेनों को खुर्जा मुरादाबाद होकर सीधे कानपुर पहुंचाया गया।
इसके चलते बुधवार को ट्रेनें घंटों की देरी से चलीं। ट्रेनों के इंतजार में रेलयात्री स्टेशन पर परेशान होते रहे। हालांकि बुधवार को कानपुर की ओर से आने वाली ट्रेनें अधिक देरी से नहीं थीं, किंतु दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनें विलंब से पहुंचने के कारण टूंडला से विलंब से छूटी। सबसे कम दूरी की ट्रेन शताब्दी एक्सप्रेस चार घंटे व गोमती एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से चलीं।
देरी से चलने वाली ट्रेनें
लखनऊ शताब्दी एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, मूरी एक्सप्रेस, जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, कालका मेल, जोगवनी एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस, संगम एक्सप्रेस, लिक्ष्वी एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस, संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस, तूफान एक्सप्रेस, रीवा एक्सप्रेस आदि हैं।