कौशल विकास मिशन योजना के तहत विभिन्न सेंटरों पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सैकड़ों प्रशिक्षणार्थियों को जल्द नई ड्रेसें दी जाएंगी। इसके बाद प्रशिक्षणार्थी ड्रेस में ही सेंटर पर एंट्री कर सकेंगे।
कौशल विकास मिशन योजना के प्रति युवाओं का रुझान लगातार बढ़ता जा रहा है। जनपद में करीब 28 हजार से अधिक युवाओं ने कौशल विकास मिशन के तहत विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त करने को रजिस्ट्रेशन कराया है। प्रदेश स्तर पर जिन कंपनियों को जनपद में सेंटर खोलकर प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसमें कंपनी संचालकों को प्रशिक्षण सेंटर पर ट्रेनिंग शुरू होने के डेढ़ माह के अंदर सभी प्रशिक्षणार्थियों को ड्रेस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, जिससे कौशल विकास मिशन के प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं की अलग पहचान हो सके।
कौशल विकास मिशन के तहत जनपद में पांच सेंटर सेंटर संचालित हो रहे हैं। नीफा एवं वीकॉल का एक-एक सेंटर जल्द खुलने वाला है। इंडीग्राम रहना की पुलिया पर संचालित सेंटर पर हेल्थ केयर का, संत टाकीज के सामने नीफा के सेंटर पर बैंकिंग एकाउंटिंग तथा शिकोहाबाद इंडस्ट्रियल एरिया में वीकाल के सेंटर पर ब्यूटीशियन, गारमेंट पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वर्तमान में तीन सेंटरों पर दिए जा रहे प्रशिक्षण में करीब 310 युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। नोडल कार्यालय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इन सभी युवाओं को कंपनी द्वारा जल्द नई ड्रेस उपलब्ध कराई जाएंगी। ड्रेस मिलने के बाद कोई प्रशिक्षणार्थी बिना ड्रेस के सेंटर पर प्रवेश नहीं कर सकेगा।