टूंडला (फिरोजाबाद)। दिल्ली रेलखंड पर फरक्का एक्सप्रेस में बदमाशों ने यात्रियों के किए बैग पार कर दिए। बदमाश यात्रियों से हजारों की नकदी, जेवर व बैग आदि लेकर फरार हो गए। घटना के बाद बदमाश चेन पुलिंग कर फरार हो गए। यात्रियों ने दिल्ली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना शनिवार मध्यरात्रि बाद तीन बजे करीब की है। लखनऊ से दिल्ली जा रही फरक्का एक्सप्रेस टूंडला-हाथरस रेलवे स्टेशनों के मध्य ट्रेन के एसी कोच संख्या ए-1 व बी-3 में पकड़ो-पकड़ो की आवाज सुन यात्रियों की नींद खुल गई तथा उनमें अफरातफरी मच गई। इसी बीच ट्रेन को चेन पुलिंग कर रोक दिया गया। ट्रेन के खड़े होते ही कोच में सो रहे लगभग सभी यात्री जाग गये।
यात्रियों ने सामान चोरी होने की जानकारी मिलते ही अपना-अपना सामान चेक किया। ट्रेन में यात्रा कर रहे उपेन्द्र मौर्य निवासी मानक नगर लखनऊ के मुताबिक उनका बैग गायब था। बैग में 20 हजार रुपये, चेन, मोबाइल व अन्य सामान रखा हुआ था। कोच बी-3 कोच में यात्रा करने वाली दीपा पत्नी संदीप निवासी लखनऊ का भी बैग गायब था। उनके बैग में करीब 25 सौ रुपये व अन्य सामान था।
ट्रेन के खड़े होने एवं एसी कोच में शोर होने ट्रेन में चल रहे जीआरपी के जवान रत्नेश व मनोज मौके पर पहुंचे। उन्होंने बदमाशों की तलाश की, तब तक अंधेरे में बदमाश निकल चुके थे। यात्रियों के मुताबिक बदमाशों ने कई कोचों में वारदात को अंजाम दिया तथा सामान लेकर फरार हो गये। यात्रियों ने घटना की दिल्ली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ट्रेन में हुई घटना की दिल्ली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घटना के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच की टीम लगाया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर बदमाशों को जेल भेजा जाएगा।
-जोगेन्द्र कुमार, एसपी रेलवे, आगरा