सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम में शपथ लेते लोग।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में सोमवार को दूसरा विशेष सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ हुआ। इस दौरान लर्निंग डाइविंग लाइसेंस आवेदकों की कार्यशाला एवं भारी वाहन चालकों को विभिन्न शुल्क एवं वाहनों की फिटनेस सही रखने की जानकारी दी गई।
सोमवार को आयोजित विशेष सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ नगर मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज ने फीता काट कर एवं गुब्बारे उडा कर किया। सड़क सुरक्षा सप्ताह के प्रथम दिन परिवहन विभाग में आयोजित विशेष कार्यशाला के दौरान लर्निंग ड्राईविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले लगभग 250 युवाओं को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी दी गई।
द्वितीय सत्र में भारी वाहन चालकों को यातायात व्यवस्था के तहत निर्धारित होने वाले शुल्क की जानकारी एवं वाहनों की फिटनेस सही रखने के उपाय सुझाए गए। कार्यक्रम में संभागीय निरीक्षक हरिओम, एआरटीओ प्रदीप कुमार एवं शुल्क निर्धारण अधिकारी घनश्याम आदि मौजूद रहे।आगामी 20 अक्तूबर तक चलने वाले कार्यक्रम के प्रथम दिन मौजूद लोगों को सुरक्षित यातायात की शपथ भी दिलाई गई।