फिरोजाबाद। यदि कोई छात्र नए खेल के एप बनाने में रुचि रखता है तो उसे केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा। इसके लिए टॉयकाथान-2021 का आयोजन किया जा रहा है। शिक्षा विभाग ने आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत इस प्रतियोगिता के जरिए युवाओं को खिलौने और खेल के नवीन अवधारणाओं साथ आवेदन मांगे हैं। सभी स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं।
प्रतियोगिताओं के जरिए युवा खेल खिलौने अथवा एप के लिए अच्छे सुझाव दे सकते हैं। विजेताओं को सरकार द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। 27 फरवरी से शुरू होने वाले टॉय फेयर में विजेताओं को अपने सुझाव प्रस्तुत करने का भी मौका मिलेगा। सीबीएसई के आदेश के अनुसार प्रतियोगिता के तहत छात्रों को भारत के इतिहास, संस्कृति, गौरव गाथाओं, महत्वपूर्ण गतिविधियों को जोड़कर खेल या एप विकसित किए जा सकते हैं।
टॉयकाथान-2021 के आयोजन को लेकर बोर्ड के निर्देश मिल चुके हैं। जिले में बोर्ड से संबद्ध सभी स्कूलों से छात्रों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
दिनेश शर्मा, जिला समन्वयक, सीबीएसई