तूफान एक्सप्रेस 42 दिन के लिए रद्द
टूंडला (फिरोजाबाद)। गोविंदपुरी-भीमसेन रेलखंड के दोहरीकरण को दृष्टिगत रखते हुए गोविंदपुरी पर नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके चलते रेल प्रशासन ने तीन दिसंबर से तूफान एक्सप्रेस सहित कुछ ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन किया है। उत्तर मध्य रेलवे का गाजियाबाद-मुगलसराय खंड भारतीय रेल के अति व्यस्त खंडों में है। इस पर आधारभूत संरचना के विकास द्वारा रेल परिचालन को और अधिक सूचारू बनने के लिये कई परियोजनाएं क्रियांवित की जा रही हैं।
इसी क्रम में कानपुर क्षेत्र के गोविंदपुरी-भीमसेन खण्ड पर दोहरीकरण कार्य के दृष्टिगत गोविन्दपुरी स्टेशन पर नान-इण्टरलाकिंग कार्य किया जा रहा है। प्रयागराज के जन संपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 13007/13008 तूफान एक्सप्रेस को पं दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से आगरा कैंट के मध्य रद्द कर दिया गया है। यह ट्रेन हाबड़ा से पं दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक वहीं आगरा कैंट से गंगापुर सिटी होते हुए मुंबई तक चलती रहेगी। यह ट्रेन तीन दिसंबर से 13 जनवरी तक इस रेलखंड के मध्य रद्द रहेगी। इसके अलावा कानपुर से अन्य मार्गों पर चलने वाली कुछ अन्य ट्रेनों को भी रद्द किया गया है।