शिकोहाबाद। अगर आप अपनी यात्रा के लिए तत्काल आरक्षण टिकट कराना चाहते हैं, तो आपको आरक्षण केंद्र से टोकन प्राप्त करना होगा। इसके आधार पर नंबर आने के बाद ही तत्काल आरक्षण संभव हो सकेगा। तत्काल आरक्षण के दौरान यात्रियों की मारामारी और दलालों की रोकथाम के लिए स्थानीय रेल प्रशासन ने नई पहल की है।
ट्रेनों में अकसर भीड़ होने के कारण रेलयात्रियों को सफर के लिए कंफर्म आरक्षण टिकट नहीं मिल पाता है। ऐसे में यात्रियों को तत्काल आरक्षण टिकट कराना पड़ता है। इसके लिए रेल प्रशासन द्वारा स्लीपर और वातानुकूलित कोच में आरक्षण का अलग-अलग समय भी निर्धारित किया गया है। लेकिन अधिकांश स्टेशनों पर तत्काल आरक्षण में दलालों का बोलबाला है। दलाल तत्काल आरक्षण कराने के लिए पहले से ही आकर अपनी तरफ से एक कागज पर अपने कुछ लोगों के नाम लिखकर आरक्षण केंद्र पर सूची लटका देते थे। इसके चलते यात्रियों को तत्काल आरक्षण टिकट कराने में परेशानी होती है।
यात्रियों की इस परेशानी के मद्देनजर स्थानीय रेल प्रशासन ने तत्काल टिकट के लिए टोकन सिस्टम की शुरुआत की है। जिसके तहत अब यात्रियों को तत्काल टिकट कराने के लिए आरक्षण केंद्र से पहले आओ-पहले पाओ की नीति के तहत टोकन प्राप्त करना होता है। टोकन पर लिखे हुए नंबरों के आधार पर ही यात्रियों को तत्काल टिकट कराने की सहूलियत मिल रही है। इस टोकन सिस्टम के लागू होने से यात्रियों ने भी राहत की सांस ली है।
तत्काल आरक्षण के दौरान टोकन सिस्टम की शुरुआत से यात्रियों को सहूलियत मिली है। अब जिसका टोकन नंबर आएगा। वही नंबर के आधार पर टिकट बुक करा रहा है। इस पहल से यात्रियों को लाभ मिल रहा है।
अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी प्रयागराज डिवीजन