फिरोजाबाद। आसमान में घटाएं घिरी रहने के साथ हल्की बारिश का क्रम सोमवार की रात को चलता रहा। मंगलवार को दिन में आसमान में बादल छाए रहे। इसके कारण धूप काफी कम निकली। धूप के कम निकलने के साथ मौसम में नमी बढ़ना प्रारंभ हो गई है। यदि लगातार आठ दिन तक मौसम नम रहा तो फिर आलू में अगैती झुलसा रोग के लगने की संभावना बढ़ जाएगी। नवंबर समाप्त होने में दो दिन का समय शेष रह गया। नवंबर माह के समाप्त होने जैसी सर्दी नहीं पड़ रही थी। पिछले दो दिनों से मौसम ने अचानक करवट बदल ली। आसमान में घटाएं घिरने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई तो हर किसी को सर्दी का अहसास होने लगा। सर्दी से बचाव करने का इंतजाम करने में लोग जुट गए। सोमवार को देर रात बारिश होने के कारण शहर की नई आबादी वाले इलाकों में फिसलन बढ़ गई। वहीं ग्रामीण अंचल में लोगों ने सुबह और शाम को अलाव जलाना प्रारंभ कर दिया, जिससे सर्दी से बचाव किया जा सके।
इधर मंगलवार को दिन में सूरज की रोशनी काफी कम ही निकल सकी। क्यों कि पूरे दिन घटाएं घिरी रहीं। मौसम में नमी होने के कारण आलू की फसल बोने वाले किसानों के चेहरों पर चिंता जरूर दिखाई दी। क्यों कि लगातार नमी होना आलू की फसल के लिए काफी नुकसान दायक साबित होगा।
-पिछले दो दिनों से बदले मौसम से किसी भी फसल को कोई नुकसान नहीं होगा। लेकिन यदि लगातार मौसम में नमी आठ से दस दिन तक रही तो फिर आलू में अगैती झुलसा रोग लगने की संभावना बढ़ जाएगी। यदि मौसम सामान्य हो गया तो दिक्कत नहीं होगी।
सुमित कुमार चौहान, जिला कृषि अधिकारी