छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक ने छात्रा पर फायर झोंक दिया। आसपास के लोगों के आने पर युवक भाग निकला। पुलिस मामला दर्ज कर युवक की तलाश कर रही है।
घटनाक्रम थाना उत्तर क्षेत्र के मोहल्ले से जुड़ा हुआ है। मोहल्ले की एक युवती शहर के एक शिक्षण संस्थान से बीएससी कर रही है। पिता की मौत के बाद वह मां के साथ रहती है। जबकि उसका भाई गांव में चाचा के पास रहता है। छात्रा का आरोप है कि कालेज जाते समय पीडी जैन इंटर कालेज के समीप निवास करने वाला युवक सत्ता उर्फ रामप्रकाश उसके साथ आए दिन छेड़छाड़ करता था। इसकी जानकारी छात्रा ने मां को दी तो वह बुधवार को युवक के घर पहुंच गए। उन्होंने युवक के परिवारीजनों से छेड़छाड़ की शिकायत कर विरोध जताया। इसकी जानकारी सत्ता को हुई तो वह शाम को युवती के घर पहुंच गया। उसने अभद्रता करते हुए उससे छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर तमंचे से फायर झोंक दिया। इसमें छात्रा बाल बाल बीच। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए। खुद को घिरता देख युवक वहां से भाग निकला। छात्रा ने कोतवाल उत्तर को तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उसकी तलाश की जा रही है।