टूंडला। शनिवार को थाना नगला सिंघी में आयोजित संपूर्ण समाधान में एक बड़ी शिकायत का समाधान किया गया। पिछले 37 साल जोत रहे मरघट की जमीन को पुलिस व राजस्व टीम ने कब्जा मुक्त कराया है। इस समाधान से लोगों का थानों में आयोजित समाधान दिवस पर विश्वास बढ़ा है। शनिवार को थाना नगला सिंघी में थानाध्यक्ष कृपाल सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया था। समाधान दिवस में ग्राम पंचायत टीकरी में मरघट की साढ़े चार बीघा जमीन पर गांव के दबंगों द्वारा अवैध रूप से कब्जे की शिकायत ग्राम प्रधान हेमलता ने दी थी। प्रधान की शिकायत पर पुलिस व राजस्व टीम ने पहुंचकर जमीन की पैमाइश करते हुए ट्रैक्टर से जुतवा दी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शानू यादव ने बताया कि करीब 37 साल से गांव के दबंग मरघट की इस जमीन को जोत रहे थे, जिससे ग्रामीणों को मृतकों के अंतिम संस्कार करने में परेशानी हो रही थी। राजस्व टीम में लेखपाल रजत यदव, ब्रजेश कुमार राठौर, प्रेमदत्त पाठक आदि मौजूद रहे।