शिकोहाबाद। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को होने वाली समस्याओं के सुधार के लिए रेलवे बोर्ड नई दिल्ली एवं प्रयागराज से आई तीन सदस्यीय टीम ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक ही अनुपस्थित पाए गए। वह 20 मिनट देर से तीन सदस्यीय टीम के समक्ष पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर पेयजल, सफाई, पार्सल आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
सोमवार को रेलवे बोर्ड नई दिल्ली (जेडआरयूसीसी) से क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्श दात्री समिति के देवेंद्र पाल सिंह सोलंकी, संजीव कुमार मिश्रा तथा एनसीआर प्रयागराज की समिति सदस्या संध्या गौतम ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन का दोपहर साढ़े तीन बजे करीब औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक राजेश्वर सिंह अनुपस्थित पाए गए। जो 20 मिनट की देरी से टीम के समक्ष आए। टीम के पूछने पर उन्होंने यार्ड में काम के लिए जाने का हवाला दिया। इसके बाद तीन सदस्यीय टीम ने निरीक्षण किया, जिसमें तमाम खामियां मिलीं। रेलवे बोर्ड के सदस्य संजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि स्टेशन परिसर के बाहर की ओर बने हुए शौचालय में गंदगी का आलम था। इसके अलावा यात्री विश्राम गृह में बिना टिकट यात्री आराम करते हुए पाए गए। इतना ही नहीं सुरक्षाकर्मी भी अपने गणवेश में नहीं मिले। जिस पर तीन सदस्यीय टीम ने नाराजगी जाहिर की। इसके साथ ही उन्होंने महिला एवं पुरुष यात्रियों से सुविधाओं को लेकर संवाद भी किया। संध्या गौतम ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर महिलाओं के लिए एक रिटायरिंग रूम तथा स्टेशन पर सफाई व्यवस्था को ठेकेदारी पर देने की मांग है, जिसको लेकर प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान टीम ने स्टेशन पर साफ-सफाई, पेयजल, पार्सल तथा टूटी हुई बाउंड्री से यात्रियों के आवागमन को लेकर सवाल किए। उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।