टूंडला। हाईवे पर टैंकर से पेट्रोल-डीजल चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूर्ति विभाग के साथ पुलिस ने की इस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से पेट्रोल-डीजल के भरे व खाली केन बरामद किए हैं।थाना पुलिस को मंगलवार शाम 5 बजे करीब सूचना मिली कि मोहम्मदाबाद के पास नवविकसित मथुरानाथ धाम काॅलोनी के पास टैंकरों से पेट्रोल-डीजल चोरी की जा रही है। इस सूचना पर सीओ विनीत कुमार, पूर्ति निरीक्षक अरविंद यादव के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने क्षेत्र की घेराबंद कर छापामार कार्रवाई की। पुलिस टीम को वहां टैंकर से पेट्रोल-डीजल चोरी करते पाया। पुलिस को देख आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, उनके तीन साथी भाग निकले। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम अनिल कुमार निवासी हृदय की नगरिया मढ़ी इगलास अलीगढ़, मनोज कुमार निवासी गढ़ी बच्ची एत्मादपुर आगरा और ओमवीर निवासी मोहम्मदाबाद थाना टूंडला बताया है। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि इनके तीन साथी भूरा, कमल सिंह निवासी फिरोजाबाद और रामनरेश निवासी एत्मादपुर भागने में सफल हो गए। मौके से भरी हुई और खाली केन बरामद हुईं हैं।