फीरोजाबाद/नारखी। थाना नारखी पुलिस ने लालगढ़ी में पिता के हत्यारोपी पुत्र, पौत्र सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयोग किए तमंचे बरामद किए हैं। पौत्र ने स्वीकारा कि बाबा द्वारा संपत्ति को दूसरों को दिए जाने के कारण ही गोली मारकर हत्या की थी। ताकि मरने के पश्चात संपत्ति का बंटवारा हो जाएगा।
फरार एक आरोपी को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।
थाना नारखी क्षेत्र के लालगढ़ी निवासी रिटायर्ड शिक्षक नेत्रपाल की उसके बेटे भवानी शंकर ने पौत्र राजा एवं उसके दोस्त की मदद से गोली मारकर हत्या कर दी थी। गोली के लगने से मां कस्तूरी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। थाना पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
थानाध्यक्ष नारखी प्रदीप यादव ने बताया कि भवानी शंकर, पौत्र राजा एवं राजा के दोस्त जितेंद्र उर्फ जीतू निवासी चनौरा को जौंधरी की पुलिया के समीप से गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से हत्या में प्रयोग किए गए दो तमंचे भी बरामद किए हैं। राजा ने बताया कि बाबा की हत्या संपत्ति का बंटवारा नहीं किए जाने के कारण की थी। रिटायर्ड होने के बाद जो पैसा मिला था वह बाबा के पास था। तथा खेत की लाखों रुपया था। एक आरोपी को शीघ्र ही गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।