शिकोहाबाद। लखीमपुर खीरी से मथुरा जा रही मैक्स पिकअप गाड़ी एक्सप्रेसवे पर आगे जा रहे वाहन से टकरा गई। इस हादसे में मैक्स में सवार पशु व्यापारी घायल हो गए। यूपीडा की टीम ने उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है।
शनिवार सुबह 5:30 बजे के करीब थाना नगला खंगर क्षेत्र के अंतर्गत किलोमीटर संख्या 58.800 पर यह हादसा हुआ। लखीमपुर खीरी से मैक्स पिकअप में सवार कल्लू (60), एहसान (58) एवं टिल्लू निवासीगण रुद्रपुर खुर्द जनपद लखीमपुर खीरी सवार थे। सभी पशु व्यापारी मथुरा जा रहे थे। जब मैक्स पिकअप थाना नगला खंगर क्षेत्र के अंतर्गत किलोमीटर संख्या 58 के पास पहुंची, तभी अचानक गाड़ी चला रहे टिल्लू को नींद की झपकी लग गई। इससे मैक्स पिकअप आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई।
इस घटना में मैक्स पिकअप सवार तीनों लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर यूपीडा एवं थाना नगला खंगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जिसने तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती करा दिया। यहां उनका उपचार चल रहा है।