टूंडला। नगर के आनंद नगर में चोरों ने खंड विकास अधिकारी के किराए के मकान को अपना निशाना बनाया। चोर घर के ताले तोड़कर हजारों रुपये कीमत का सामान और नकदी चोरी कर ले गए। घटना के बाद पीड़ित अधिकारी ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
टूंडला खंड विकास कार्यालय में तैनात बीडीओ राजीव गौतम आनंद नगर में किराये के मकान में रह रहे हैं। वे अपने पैतृक गांव बरहन (आगरा) गए हुए थे। बीते 28 अक्तूबर की सुबह जब वह अपने पैतृक गांव से वापस टूंडला स्थित आवास पर लौटे, तो उन्होंने मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए पाए। घर के अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ था।
बीडीओ के मुताबिक चोर उनके घर से गैस सिलिंडर और चूल्हा, इंडक्शन चूल्हा, इन्वर्टर और बैटरी, इलेक्ट्रिक प्रेस और हाथ की घड़ी, मोबाइल चार्जर, दो हजार रुपये आदि सामान चोरी कर ले गए। सीओ अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि बीडीओ की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।