खुले में शौच जाने वालों को भेजा जाएगा जेल: डीएम
- फोटो : अमर उजाला
डीएम निधि केसरवानी ने लोहिया गांव बाजिदपुर कुतुकपुर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा खुली बैठक आयोजित करके प्रधान खुले में शौच जाने वालों पर पांच सौ रुपया जुर्माना का प्रस्ताव पास करें। इसके बाद खुले में शौच जाने वालों को सीधे जेल भेजने की कार्रवाई होगी।
फीरोजाबाद ब्लाक के यमुना के तलहटी के गांव वाजिदपुर कुतुकपुर में डीएम निधि केसरवानी पहुंची। लोहिया गांव होने के कारण डीएम ने समूचे गांव का भ्रमण किया। यहां कराए विकास कार्यों की गुणवत्ता को परखा। चौपाल में सभी अधिकारियों ने शासन की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। डीएम ने ग्रामीणों से हाथ उठवाकर विभागीय योजनाओं की पुष्टि की। लोहिया आवास के लाभार्थी प्रेमवती को एक लाख 37 हजार पांच सौ का चेक दिया। आरईएस द्वारा मजरा वाजिदपुर में पांच गलियों में सीसी निर्माण 301 तथा नया बांस में 305 मीटर की पुष्टि की। ग्रामीणों से चकरोड, आबादी, तालाब आदि पर कब्जा करने संबंधी भी जानकारी की। ग्रामीणों से बिजली कनेक्शन कराने की अपील की। ग्रामीणों से आह्वान किया कि सभी शौचालयों का उपयोग करें। इसके बाद यदि कोई खुले में शौच जाए तो उसे रोकने को ग्राम प्रधान खुली बैठक में पांच सौ रुपया जुर्माना का प्रस्ताव पास कराएं। जुर्माना पर नहीं मानने वालों को एसडीएम को जेल भेजने के आदेश दिए। ग्रामीणों को खुले में शौच नहीं करने की शपथ दिलाई। सीडीओ कर्मेंद्र सिंह, एसडीएम सदर रवींद्र मादंड़, डीडीओ आरके राम,पीडी सर्वेश चंद्र यादव, बीडीओ राजेश कुमार, डीओ अखिलेश पांडेय, तपस्वी लाल, डीएचओ बलजीत सिंह, प्रज्ञा शंकर तिवारी, डीपीओ आभा सिंह, डीपीआरओ यतेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।