टूंडला। शहर में अपराध व अपराधियों पर कड़ी नजर रखने एवं आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए तीसरी नजर का सहारा लिया जाएगा। इसके लिए शहरवासियों के सहयोग से समूचे शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। अब शहर में अपराधी अपराध कर बच नहीं पाएगा। पिछले कुछ समय में शहर के अंदर कई वारदातें हुईं हैं, जिनका पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। इसके चलते पुलिस ने शहरवासियों का सहयोग लेते हुए शहर के सुरक्षा कवच को मजबूत बनाने का निश्चित किया था। शहरवासियों ने भी पुलिस का सहयोग किया तथा अब इसको अमलीजामा पहनाया जा रहा है। शहर में दीपा का चौराहा से लेकर सुभाष चौराहे, एटारोड, आगरा रोड व फिरोजाबाद रोड पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा नगर के प्रमुख मार्गाें पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। शहर में लगाई जा रही तीसरी नजर का कंट्रोल रूम कोतवाली टूंडला बनाया गया है। जहां बैठकर पूरे शहर की गतिविधियों को देखा जा सकेगा। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पिछले कुछ समय में कुछ ऐसी वारदातें हुईं हैं, जो पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। इसको देखते हुए तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि मैन रोड पर अधिकतर कैमरे लग गए हैं। इनसे कुछ घटनाओं को सुलझाने में खासी मदद मिली है।
रेलकर्मी के पुत्र की हत्या का नहीं खुल सका है राज
टूंडला। कंपनी बाग रेलवे काॅलोनी निवासी रेलकर्मी के 14 वर्षीय पुत्र सूरज की हत्या हो गई थी। उसका शव रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर सात के निकट स्थित खंडहरों में मिला था। पुलिस ने हर एंगिल से हत्यारोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया, किंतु हत्या का खुलासा नहीं हो सका।
तीसरे आंख से ही बरामद हुआ कोचिंग गया लापता छात्र
टूंडला। शहर पर स्थापित की जा रही तीसरे आंख ही थी, जिसके कारण नगर के ज्योतिकुंज से चार दिन पूर्व कोचिंग गया लापता छात्र पारस यादव को पुलिस ने बरामद कर लिया था। कस्बा इंचार्ज योगेश नागर ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चार घंटे में ही छात्र को बरामद कर लिया था। वहीं राजकीय बालिका इंटर कालेज के पास हुई मारपीट की घटना की हकीकत देखने को मिली थी। शहर से गायब हुई युवतियां किसके साथ गईं इसका भी खुलासा हो रहा है।
शहर में अपराध रोकने के लिए जनसहयोग से नगर में सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया जा रहा है। इससे शहर में अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगेगा। इसके साथ ही अपराधियों की शीघ्र ही पहचान हो सकेगी।
प्रदीप कुमार
थाना प्रभारी, टूंडला