फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र में चोरों ने एक मकान से 5.35 लाख की नकदी और लाखों के आभूषण चोरी कर ले गए। सुबह जगार होने पर पीड़ित पिता घटना का नजारा देख बेसुध हो गया। एक दिसंबर को बेटी की शादी की लग्न आगरा के बाह जानी थी। घटना की जानकारी पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस चोरी के खुलासे के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। पुलिस चोरी की घटना में में किसी नजदीकी व्यक्ति का हाथ मान रही है।
मोहल्ला हिमांयुपुर 16 फुटा गला निवासी राजकुमार राठौर की पुत्री की शादी 7 दिसंबर को जबकि एक दिसंबर को आगरा के बाह में लग्न जानी थी। इसकी तैयारी में वह काफी दिन से जुटे थे। बेटी की शादी में उपहार में देने के लिए नकदी और आभूषण भी अर्जित किए थे। पीड़ित राजकुमार का कहना है कि बुधवार सुबह करीब 4 बजे चोर किसी तरह घर में प्रवेश पा गए। तकिये के नीचे रखी कमरे की चाभी से कमरे को खोलकर 5.35 लाख की नकदी, 2 जोड़ी झुमकी, 6 सोने की जंजीर, 12 अंगूठी, दो चांदी की कमर पेटी, 4 जोड़ी पायल, 1 टीका और 4 चूड़़ी चोरी कर ले गए। सुबह जब नींद टूटी तो नजारा देखकर भौंचक्के रह गए। चोरी की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच की। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि घटना स्थल का जायजा लिया गया था। तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।