फिरोजाबाद। शादी समारोह के सीजन में शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में विद्युत संकट रहा। बृहस्पतिवार को शहर और देहात क्षेत्रों में कई स्थानों पर मरम्मत कार्य किया गया। 31 गांवों में 12 घंटे और शहर के 25 मोहल्लों में छह घंटे सप्लाई प्रभावित रही। वहीं, एसएन बिजली घर पर फॉल्ट होने से मथुरा नगर सहित कई मोहल्लों में बिजली सप्लाई ठप रही। सुबह-सुबह बिजली से पेयजल संकट भी गहरा गया।
सुबह छह बजे एसएन बिजली घर के केबिल बॉक्स में तेज धमाके के साथ फॉल्ट हो गया था। इस कारण मथुरा नगर, शिव कॉलोनी, गुंजन कॉलोनी सहित कई बिजली घरों की सप्लाई बंद हो गई। सुबह पेयजल आपूर्ति का समय होता है। बिजली न होने से पेयजल संकट गहरा गया। टैंकरों से पेयजल की आपूर्ति हुई। इधर, एसएन बिजलीघर के बाईपास फीडर पर सुबह 10 बजे से जर्जर तारों को बदलने का कार्य हुआ, जो दोपहर चार बजे तक चला। इस कारण विद्युत सप्लाई क्षेत्र की बौधआश्रम रोड, नगला करन सिंह ,ओझा नगर, तिलक नगर, कवि नगर, खेड़ा मायापुरी, टापाकला की विद्युत सप्लाई छह घंटे बंद रही।
वहीं, आसफाबाद बिजली घर पर लिंटर डालने का कार्य किया गया। विद्युत विभाग ने सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक शटडाउन रहा। लेकिन, कार्य पूरा न होने के कारण शटडाउन दोपहर तीन बजे तक रखना पड़ा। इस बिजली घर से जुड़े मदीना कॉलोनी, हबीबगंज, मक्का कॉलोनी, शरीफाबाद, रामगढ़, शांतिनगर, राठौर नगर, दीदामई, ऐदल नगर, आसफाबाद सहित 20 से ज्यादा मोहल्ले प्रभावित रहे। वहीं, देहात क्षेत्र के दबरई बिजली घर के उपकेंद्र लुहारी एवं नगला चूरा पर 5 एमवीए के परिवर्तक से बढ़ाकर 10 परिवर्तक किया गया। इस कारण लुहारी, बसई, फतेहपुर, शंकरपुर, सोफीपुर, चंद्रवार फीडर से जुड़े 31 गांव में विद्युत सप्लाई प्रभावित रही।
जेई बबलू गौतम ने बताया कि एसएन फीडर पर सुबह यार्ड में फॉल्ट हो गया था। इस कारण सप्लाई एक घंटे प्रभावित रही। दोपहर में जर्जर तारों को बदलने क कार्य किया गया। इसी सूचना उपभोक्ताओं को दे दी गई थी।