फिरोजाबाद। अटेवा पेंशन बचाओ मंच के आह्वान पर न्यू पेंशन स्कीम (एनपीएस) एवं यूनिक पेंशन स्कीम (यूपीएस) के विरोध में बृहस्पतिवार को हजारों शिक्षक एवं कर्मचारियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर हुंकार भरी। शिक्षक व कर्मचारियों ने मुख्यालय पर पैदल मार्च निकाला। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम विशु राजा को सौंपा। जन आक्रोश रैली निकाले जाने के दौरान एक साइड का हाईवे तक बंद हो गया। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को शिक्षक एवं कर्मचारी तिलक इंटर कॉलेज फिरोजाबाद और शिकोहाबाद के नारायण इंटर कॉलेज पर एकत्रित हुए। यहां से बाइक रैली निकालकर जिला मुख्यालय पर पहुंचे। तीन हजार से अधिक शिक्षक एवं कर्मचारी विकास भवन परिसर में एकत्रित हुए। यहां से जिला मुख्यालय पर पैदल मार्च निकाला गया। पैदल मार्च एसएसपी कार्यालय, डीएम कैंप कार्यालय के साथ सीएमओ कार्यालय से होकर दीवानी रोड होते हुए हाईवे पर पहुंचा। हाईवे से होकर जिला मुख्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।
अटेवा मंडल अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र यादव, जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र कृष्णज ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम विशुराजा को सौंपा। इस आक्रोश रैली में अटेवा के जिला महामंत्री डॉ. सहदेव सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष राज्य कर्मचारी महासंघ प्रेमप्रकाश कुशवाह, यूटा जिलाध्यक्ष जया शर्मा, माध्यमिक शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष उमेश चंद्र यादव, यतेंद्र यादव, कमल यादव, ओमप्रकाश यादव, आशीष पोरवाल, सफाई कर्मचारी संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष मुलायम सिंह, रामपाल यादव, जितेंद्र यादव, पंकज करौतिया आदि शामिल रहे।
ये संगठन हुए शामिल विरोध प्रदर्शन में माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट, राजकीय शिक्षक संघ, यूटा, विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ, टीचर सेल्फ केयर टीम, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, प्राथमिक शिक्षक संघ, बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन, सीनियर बेसिक शिक्षक संघ, माध्यमिक शिक्षक संघ, राजकीय नर्सेज संघ, दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ, फ्रंट अगेनस्ट एनपीएस इन रेलवे कर्मचारी संघ, लेखपाल संघ, कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
गुंजते रहे ये नारे
-कर्मचारी एवं शिक्षकों ने नौकरी की परिपाटी, पुरानी पेंशन है बुढ़ापे की लाठी।
-अर्द्धसैनिक बलों को शहीद का दर्जा दो, उनकी पुरानी पेंशन बहाल करो।
-यह सरकार बदलनी है
-अटेवा के आह्वान पर सभी संगठनों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आंदोलन किया है। शिक्षक, कर्मचारी, अधिकारी लगातार पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहे हैं, क्योंकि नई पेंशन व्यवस्था के दुष्परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं।
राघवेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष अटेवा पेंशन बचाओ मंच
-अब केंद्र सरकार ने भी इस बात को स्वीकार कर लिया है कि एनपीएस व्यवस्था न्यायपूर्ण नहीं है। इसलिए एक नई पेंशन व्यवस्था यूपीएस लेकर आई है, लेकिन एनपीएस, यूपीएस से भी ज्यादा नुकसानदायक है।
उमेशचंद्र यादव, जिलाध्यक्ष उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ
-पुरानी पेंशन बहाली के लिए कर्मचारी शिक्षक आज जागरूक हुए हैं। बुढ़ापे की लाठी पुरानी पेंशन को बहाल करना चाहिए। सभी कर्मचारी एवं शिक्षक इस हक के आंदोलन को लेकर रहेंगे।
प्रेमप्रकाश कुशवाह, जिलाध्यक्ष कर्मचारी संघ
-पुरानी पेशन बहाली के साथ-साथ ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की मांगों पर भी सरकार को ध्यान देना चाहिए। इस रैली में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने जिस उत्साह के साथ प्रतिभाग किया वह धन्यवाद के पात्र। जन आक्रोश रैली में हजारों की भीड़ देखकर सरकार को जाग जाना चाहिए
शिवा मैसी, जिलाध्यक्ष पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी