फिरोजाबाद। सुहागनगरी की हवा में अतिसूक्ष्म धूल के कणों एवं कार्बनिक तत्वों की मात्रा में मंगलवार को फिर इजाफा हो गया। इससे सांस रोगियों की परेशानी भी बढ़ गई। मंगलवार फिरोजाबाद में वायु गुणवत्ता का सूचकांक 250 एक्यूआई तक पहुंच गया।
सुहागनगरी के लोगों को हवा में घुलनशील हानिकारक अति सूक्ष्म धूल के कणों एवं कार्बनिक तत्वों से निजात नहीं मिल पा रही है। नवंबर माह में देश के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में प्रथम स्थान पर पहुंचने वाले फिरोजाबाद में धूल व कार्बनिक तत्वों की मात्रा में पहले की अपेक्षा कुछ कमी आई है।
हालांकि सोमवार से सुहागनगरी की हवा में फिर से धूल व कार्बनिक तत्वों का ग्राफ बढ़ना शुरू हो गया है। सोमवार को हवा की गुणवत्ता का सूचकांक 258 एक्यूआई तक पहुंच गया। मंगलवार भी को हवा में धूल व कार्बनिक तत्वों के अति सूक्ष्म कणों की मात्रा में अधिक कम नहीं हुई। मंगलवार को वायु गुुुणवत्ता का सूचकांक 241 एक्यूआई दर्ज किया गया।
----
हॉटस्पॉट इलाकों में समस्या जस की तस
नगला भाऊ पर स्थापित केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम के साथ ही घनी आबादी वाले तिलक नगर, व्यवसायिक क्षेत्र स्टेशन रोड एवं औद्योगिक आस्थान राजा का ताल पर लगे जांच केंद्रों की मासिक रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को स्टेशन रोड क्षेत्र में धूल के कणों की मात्रा यानि एसपीएम 389 माइक्रो मिलीग्राम प्रति एमक्यू, राजा का ताल क्षेत्र में एसपीएम की मात्रा 403.66 माइक्रो मिलीग्राम प्रति एमक्यू एवं तिलक नगर क्षेत्र में एसपीएम की मात्रा 425 माइक्रो मिलीग्राम दर्ज की गई।
------
अनदेखी बिगाड़ रही स्थिति
टीटीजेड में शामिल सुहागनगरी की हवा में घुलनशील धूल के कणों की रोकथाम के लिये खुले में निर्माण सामग्री की बिक्री करने और परिवहन के साथ ही निर्माण स्थलों को चारों ओर कपड़ा अथवा तिरपाल से ढकने के निर्देश है। खास तौर पर बालू, मिट्टी को खुले में रखने पर रोक है। हालांकि पीसीबी के सुहागनगर कार्यालय के बाहर ही कई स्थानों पर मिट्टी व मौरंग खुले में पड़ी नजर आई।
----
हवा में घुलनशील हानिकारक तत्वों की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। सुहागनगर में सड़क सहारे खुले में निर्माण सामग्री फैलाने की बात है तो हमने संबंधित भवन स्वामी को चिह्नित कर उनसे मिट्टी व मौरंग को तत्काल हटाने की हिदायत दी है अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई भी की जाएगी।
डॉ मनोज कुमार चौरसिया, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड