टूंडला। चोरों ने शुक्रवार रात दो गांवों के दो घरों से लाखों रुपये के आभूषण व नकदी चोरी कर ली। चोरों ने दो और घरों में चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन जगार होने पर सफल नहीं हुए। पुलिस की फील्ड टीम साक्ष्य जुटाते हुए चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
गांव नगला हरिश्चंद्र निवासी बेबी रानी शुक्रवार रात 10 बजे करीब अपनी बहन नीरज व ललिता से बातचीत करते हुए घर के बरामदे में सो गईं थीं। शनिवार सुबह 5:30 बजे करीब वह जागी तो घर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। घर में सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी व संदूक खुले पड़े थे। चोर रात में छत के रास्ते घर में प्रवेश कर अलमारी व संदूक में एक चेन, एक पेंडल, तीन मंगल सूत्र, कान की झुमकी, 10 अंगूठी, चार जोड़ी पायल व पांच हजार की नकदी चोरी कर ले गए।
चोरों ने गांव के ही मुकेश कुमार व रतीराम के घर में भी चोरी करने का प्रयास किया। जगार होने के चलते सफल नहीं हो सके। इधर शुक्रवार शाम 6 बजे अज्ञात चोर गांव मोहम्मदाबाद निवासी करनपाल यादव के घर से 30 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। चोरों ने चोरी को तब अंजाम दिया जब परिजन दरवाजा बंद कर पशु बांधने पशुवाड़े गए थे। थाना प्रभारी अनुज राणा का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोट दर्ज कर ली है। जल्द ही घटनाओं का खुलासा करते हुए चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।