शिकोहाबाद। ऑनलाइन गेम में फंसे हुए युवक ने गेम में 80 लाख रुपये गंवा दिए। इतना ही नहीं उसने इस कर्ज की भरपाई के लिए शातिराना अंदाज में मंदबुद्धि पिता का अंगूठा लगवाकर एक ही भूमि का 13 जगह बैनामा करवा दिया। खुलासा होने के बाद आरोपी घर से भाग गया। इस मामले की शिकायत पीड़ित दंपती ने अपर मंडलायुक्त आगरा के अलावा तहसील प्रशासन से की है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत बढ़रई निवासी बबलू कोल्ड स्टोर में मजदूरी करता है। उसकी पांच पुत्रियां एवं एक पुत्र है। तीन पुत्रियां शादी योग्य हैं। बबलू के अनुसार उसके पिता रामजीत सिंह मंदबुद्धि हैं। उन्होंने अपनी कृषि भूमि का बंटवारा दो हिस्सों में दो भाइयों के बीच किया था। आरोप है कि बबलू का भाई दर्शन सिंह ऑनलाइन गेम खेलता था। वह पढ़ा-लिखा है। वह गेम में फंसकर लोगों से कर्जा लेकर अब तक लगभग 80 लाख रुपये गवां चुका है, जिसके चलते कर्जदार उससे तकादा करते थे। आरोप है कि दर्शन सिंह ने अपने मंदबुद्धि पिता के अंगूठा लगवाकर एक ही भूमि के लगभग 13 बैनामा कर दिए हैं।
12 जुलाई को एक और बैनामा किया है। जब इस पूरे फर्जीवाड़े का घर में खुलासा हुआ, तो वह दबंगई दिखाने लगा। अब सभी क्रेता आरोपी के भाई की भूमि के साथ-साथ पीड़ित के हिस्से में आने वाली भूमि पर भी कब्जा करने जबरन प्रयास कर रहे हैं। पीड़ित बबलू एवं उसकी पत्नी ने डीएम-एसएसपी, एसडीएम समेत बीते शुक्रवार को तहसील पहुंचकर अपर मंडलायुक्त आगरा से भी मामले की शिकायत की है। साथ ही जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर न्याय की गुहार लगाई है।
एक ही स्थान के 13 बैनामे होने का मामला वाकई आश्चर्यजनक है। पीड़ित थाने जाकर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराए। उसकी हर संभव मदद की जाएगी।
विकल्प, एसडीएम