शांती नगर सोफीपुर में एक मकान में चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी व अस्त- व्यस्त सामान। स्वयं स्रो
- फोटो : शांती नगर सोफीपुर में एक मकान में चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी व अस्त- व्यस्त सामान। स्वयं स्रोत
फिरोजाबाद। होली के तीसरे दिन चोरों ने एक दुकान और मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये का माल साफ कर दिया। तड़के हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
शांति नगर सोफीपुर निवासी संजय बघेल का सड़क किनारे मकान है। मकान में ही उन्होंने शांति मेडिकल पॉइंट नाम से दुकान कर रखी है। बृहस्पतिवार रात वह दुकान बंद करने के बाद परिवार के साथ थोड़ी दूरी पर बने दूसरे मकान में सोने चले गए थे। शुक्रवार तड़के चोर ताला तोड़ और गेट का कुंदा काटकर मकान में घुस आए। उन्होंने तिजोरी और अलमारी के अंदर रखा कीमती सामान खंगाल लिया। चोर चार सोने की चूड़ियां, चार अंगूठियां, एक जोड़ी सोने की बालियां, दो सोने की जंजीर, दो जोड़ी चांदी की पायल और करीब 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
सुबह करीब छह बजे जब संजय बघेल मकान पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो तिजोरी और अलमारी खुली पड़ी थीं और सामान बिखरा हुआ था। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित के मुताबिक चोरी गए सामान की कीमत करीब 10 से 12 लाख रुपये है। थानाध्यक्ष कृष्ण स्वरूप पाल ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।