पचोखरा। ग्राम पंचायत पचोखरा के पंचायत सचिवालय में शुक्रवार रात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पंचायत सचिव मान प्रताप सिंह ने बताया कि चोर 6 सोलर प्लेट, 4 सीसीटीवी कैमरे, 4 एलईडी लाइटें, 4 पानी के कैम्पर, 1 दवाई छिड़काव मशीन, अन्य महत्वपूर्ण आधिकारिक दस्तावेज व जरूरी सामान चोरी कर ले गए हैं। पिछले एक साल के भीतर पंचायत सचिवालय में चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछली चोरी का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया था कि चोरों ने दोबारा चुनौती दे दी। इंस्पेक्टर अमित तोमर ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के अन्य क्षेत्रों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर चोरी गया सामान बरामद किया जाएगा। संवाद