- घबराए कॉलेज संचालक ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। कॉलेज गए पिता-पुत्र को एक युवक ने गाली-गलौज करते हुए टीकरी गांव में हुए पिता-पुत्र हत्याकांड जैसी घटना करने की धमकी दे डाली। घबराए कॉलेज संचालक ने आरोपी युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव जहांगीर पुर निवासी बाबूराम यादव गांव चुल्हावली के निकट प्राइवेट डिग्री कॉलेज के संचालक हैं। शुक्रवार को वे गांव रामपुर प्रथम में भागवत कथा भंडारे के आयोजन में गए थे। आरोप है कि उन्हीं के गांव निवासी अवनीश उर्फ जेलर हथियार व डंडे लेकर आकर गाली-गलौज करने लगा। गांव वालों ने आरोपी युवक को समझाकर वहां से हटा दिया। रविवार सुबह 10:30 बजे आरोपी युवक फावड़ा लेकर उनके कॉलेज पहुंच गया।
इसके साथ ही कॉलेज के बाहर उन्हें व उनके पुत्र अनुपम यादव को मारने की टीकरी हत्याकांड जैसी घटना करने की धमकी देने लगा। कॉलेज में मौजूद आरोपी के पिता व अन्य सफाईकर्मी उसे गांव लेकर चले गए। संचालक के पुत्र अनुपम यादव ने आरोपी युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।