भारत सरकार के स्वास्थ्य विभाग की डायरेक्टर ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जाना
केंद्रीय स्वास्थ्य टीम ने शुक्रवार को जिले की स्वास्थ्य सेवाएं परखी। जिला महिला अस्पताल और जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान अव्यवस्था मिलने पर सुधार के निर्देश दिए। वहीं, केंद्र सरकार की योजनाओं की मॉनिटरिंग की।
भारत सरकार स्वास्थ्य विभाग की डायरेक्टर डॉ. चिनमयदास, ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट के प्रो. डॉ. आनंद कृष्णन शुक्रवार सुबह तकरीबन नौ बजे जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने एनसीडी क्लीनिक का निरीक्षण किया। उन्होंने एनसीडी की रिपोर्टिंग तेजी से करने निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान फिजियोथैरेपिस्ट अवकाश पर मिलीं। इसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। यहां पैथोलॉजी प्रभारी डॉ. नवीन जैन ने डायरेक्टर से रक्त जांच के लिए आधुनिक सेल काउंटर मशीन की मांग की। इस पर उन्होंने एक मांग पत्र बनाकर शासन को भेजने के लिए कहा। साथ ही जल्द स्वीकृत कराने का आश्वासन भी दिया। इसके बाद स्वास्थ्य टीम ने महिला अस्पताल का भी निरीक्षण किया। यहां संपूर्णा क्लीनिक न खुलने पर नाराजगी व्यक्त की। स्टोर को तत्काल रूप से खाली कराकर संपूर्णा क्लीनिक की स्थापना के निर्देश दिए। दोपहर बाद केंद्रीय स्वास्थ्य टीम डीएम निधि केसरवानी से मुलाकात करने पहुंची। यहां भी स्वास्थ्य संबंधित सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए चर्चा की गई। इस दौरान सीएमओ डॉ. पुष्कर आनंद, एसीएमओ डॉ. मुकेश, डीपीएम सरजू खान भी मौजूद रहे।