उत्तर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया हत्यारोपी। संवाद
फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र में देशी शराब के ठेके पर हुई मारपीट का बदला लेने के लिए आरोपी ने घर से मीट काटने का छुरा लाकर युवक की हत्या कर दी थी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। मृतक के पिता की तहरीर पर पांच नामजद सहित सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया है।
गांव ककरऊ निवासी संजय यादव (35) दूध का टैंकर चलाता था। शुक्रवार सुबह घर से करीब 10:30 बजे निकला था। इसके बाद जलेसर रोड मंडी के पास स्थित शराब के ठेके में गया था। जहां शराब की कैंटीन पर शराब का सेवन करने लगा। इस दौरान कैंटीन पर आए झलकारी नगर निवासी रामलखन शंखवार आ गया। घटनास्थल पर मृतक की आरोपी से कुछ जातिगत बातों को लेकर टिप्पणी की थी। इस पर मृतक ने खुद को वहां का डॉन बताया था। इस पर आरोपी ने कहा कि डॉन तुम हो तो हम भी कम नहीं। जब आरोपी मौके पर पिट गया तो उसे शर्मिंदा होना पड़ा। वह आत्मग्लानि में घर से छुरा लेकर आया और संजय की छुरा से गोदकर हत्या कर दी थी। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने मौका मुआयना करने के बाद दो टीमों का गठन भी किया था। पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से छुरा भी बरामद किया है।
रात को ही हिरासत में आ गया था आरोपी
दूध टैंकर चालक संजय की छुरा से गोदकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार की रात ही हिरासत में ले लिया था। रातभर आरोपी विभव नगर पुलिस चौकी पर कड़ी चौकसी के बीच रखा गया था। जबकि पुलिस ने उसकी गिरफ्तार शनिवार को दखल चौराहे से होना बताई है।