महाशिवरात्रि पर्व की धूम शहर से गांव तक शुक्रवार को सुबह से दिखाई देगी। गंगाजल लाने वाले कांवड़ियों के जत्थे भगवान भोले भंडारी पर जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान शिवालयों में फूल बंगला सजाए जाएंगे, प्रसाद का वितरण भी होगा। वहीं, सांती एवं बटेश्वर नाथ महाराज के दर्शन को लोग सुबह से ही लाइन में लग जाते हैं। वे अपने आराध्य देव की पूजा-अर्चना कर मनोकामना करते हैं।
इस मौके पर सिद्धेश्वरनाथ मंदिर, रामेश्वरनाथ महादेव मंदिर, गोपाल आश्रम, मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में शिवरात्रि पर कई धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। मंदिरों में शिवरात्रि की तैयारी पूर्ण कर ली गई है।
उपवास की तैयारी, फलहार की खरीदारी
फिरोजाबाद (ब्यूरो)। महाशिवरात्रि पर्व पर मंदिरों के साथ घरों में पूजा-अर्चना की जाएगी। गुरुवार को दुकानों के बाहर फलाहार से जुड़ी सामग्री सजाई गई। सिंघाड़े की मिगी, कूट्टु और सिंघाड़े के आटे की डिमांड बाजार में ज्यादा रही। पिछले वर्ष सिंघाड़ा मिगी 90 से 110 रुपये किलो बिकी थी, इस बार 45 से 65 रुपये होने के कारण खरीदारी हो रही है। वहीं, सिंघाडे़ का आटा 80 रुपये किलो बिक रहा है। कुट्टू के आटे के दाम बढ़ गए। इस साल कुट्टू का आटा 110 रुपये बिक रहा है। अधिकतर व्रतियों ने गुरुवार को ही फलों की भी खरीदारी की। इस दौरान सेब 120 और 100 रुपये था। वहीं, केला 40 रुपये दर्जन पर बिका। संतरा और अंगूर की कीमत जरूर पिछले माह की तुलना में दस रुपये बढ़ी नजर आई। गुरुवार को बेर भी 40 रुपये बिका।
व्रत के लिए रेडीमेड सामान तैयार
शहर की प्रमुख मिठाइयों की दुकान पर व्रत के लिए कई चीजें तैयार की हैं। इसमें सिंघाडे़ के सेव तीन सौ रुपये किलो, कुट्टू के सेव 160 रुपये किलो, कुट्टू की नमकीन 160, गरी का पाग 340 किलो है। वहीं, कई दुकानदारों ने सिंघाडे़ की बर्फी भी तैयार की है।
मुक्तेश्वर महादेव मंदिर पर हुआ हवन
फिरोजाबाद। मुक्तेश्वर महादेव मंदिर पर हवन का आयोजन किया गया। पुजारी मनीष भारद्वाज ने मंत्रोच्चारण किया। श्रद्धालुओं ने विधिविधान से हवन में आहूतियां दीं। रात्रि में भी मंचीय कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। भगवान शिव की शोभायात्रा आज सुबह 10 बजे निकलेगी। दोपहर में प्रसाद वितरण होगा।
सांती में आज लगेगा मेला
खैरगढ़। खैरगढ़ रोड़ स्थित प्राचीनकालीन सांती मंदिर पर मेला लगेगा। खेल-खिलौने के सामान की दुकानें लगकर तैयार हो गईं। झूले भी लगे हैं। कांवड़ियां गंगाजल लेकर पिंडी का अभिषेक करने के लिए पहुंचे।